नैनीताल। स्वतंत्रता दिवस पर यूपी से घूमने आए एक युवक ने खुद पर गोली से घायल होने की बात कहकर नैनीताल पुलिस को खूब परेशान किया। पुलिस ने युवक की बात को सही मानकर जांच पड़ताल शुरू की, लेकिन जांच में युवक की पोल खुल गई। पुलिस ने झूठी शिकायत करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार पट्टी रोड भाना कनई प्रतापगढ़ यूपी निवासी मो. फैसल घूमने के लिए नैनीताल आया था। रविवार दोपहर वह माल रोड पर घूम रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर फैसल की माल रोड पर टहल रहे अन्य पर्यटकों से छाता टकराने पर कहासुनी हो गई। किसी तरह मामला शांत हुआ तो फैसल पैदल टहलते हुए मल्लीताल की तरफ चला गया। शाम सात बजे वह सूखाताल क्षेत्र में घूम रहा था।
फैसल ने पुलिस को बताया कि बारापत्थर में बाइक सवार एक युवक ने उस पर फायर झोंक दिया, जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में ही फैसल ने पुलिस को सूचना दी और पैदल ही सूखाताल पहुंचा। कहा कि फायर झोंकने वाले वही थी, जिससे उसका विवाद हुआ था। पुलिस ने फैसल को इलाज के लिए बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच की।
एसपी क्राइम देवेंद्र पिंचा ने बताया कि बाइक स्वामी मुरादाबाद का रहने वाला है और वह स्वतंत्रता दिवस के दिन अपने घर मुरादाबाद में ही था। यह जानकारी होने पर जब पुलिस ने फैसल से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारी सच्चाई बता दी।
फैसल ने बताया कि उसने झूठी कहानी बनाकर पुलिस को खुद के घायल होने की सूचना दी थी। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ 83 पुलिस एक्ट में कार्रवाई कर भविष्य में ऐसा न करने की सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया।