दुबेलभीडा भू कटाव का स्थलिय निरिक्षण करते जिलाधिकारी नैनीताल।
- फोटो : CHORGALIA
चोरगलिया (नैनीताल)। जिलाधिकारी धीराज गर्ब्याल ने सिंचाई और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ नंधौर नदी में हो रहे भू कटाव और नदी के डायवर्जन कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। बाढ़ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाने पर कुछ ग्रामीणों ने डीएम के समक्ष नाराजगी जताई।
दो दिन पूर्व नंधौर में आई बाढ़ से चोरगलिया क्षेत्र के दुबेलभीडा और आमखेड़ा गांव में हुए भू कटाव पर डीएम ने सिंचाई विभाग के ईई केएस बिष्ट को तत्काल सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। नंधौर में डायवर्जन और वायरक्रेट के लिए चालीस लाख रुपये दिए गए हैं। डीएम ने जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। बाढ़ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम समय से नहीं होने किए जाने पर समाजसेवी भुवन पोखरिया की डीएम से बहस हो गई। डीएम ने पोखरिया को अपनी बात शांति से रखने को कहा।
डीएम ने वन विभाग की ओर से दैवीय आपदा मद से मछली वन क्षेत्र में कराए जा रहे डायवर्जन कार्य का निरीक्षण किया और डीएफओ बाबूलाल को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों ने चोरगलिया से पटरानी तक छह किमी सड़क में संचालन कराने का आग्रह किया। डीएम ने डीएफओ हल्द्वानी को मार्ग खोलने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम अशोक जोशी, एसडीएम मनीश कुमार, डीएफओ बाबू लाल, तहसीलदार संजय कुमार, सुनील कुमार, अमित बंसल रोहित जोशी, महेश बेलवाल आदि थे।