उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण द्वारा (उडा) द्वारा नैनीताल में प्रस्तावित टाउनशिप को मंजूरी दिए जाने के बाद जिला मुख्यालय का प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया है।
केएमवीएन के प्रबंध निदेशक और विस्थापन की तैयारियों को लेकर गठित समिति के अध्यक्ष धीराज गर्ब्याल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि डिफेंशियल जीपीएस के तहत सरोवर नगरी के जोन एक और जोन दो के चिन्हिीकरण का काम 20 अगस्त से शुरू कराया जाएगा।
पर्यटक आवास गृह सूखाताल में आयोजित बैठक में एमडी गर्ब्याल ने कहा कि सीमांकन का कार्य यू-सैक और भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग के वैज्ञानिकों द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा।
सीमांकन कार्य पूरा होने के बाद अलग-अलग स्थानों पर जोन एक और जोन दो की स्थिति को दर्शाने के लिए पीलर लगाए जाएंगे। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को पीलर संबंधी व्यवस्थाएं कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम आरडी पालीवाल, एलडीए सचिव सीएस मर्तोलिया, केएमवीएन महाप्रबंधक टीएस मर्तोलिया, परियोजना प्रबंधक सीएम साह, टाउन प्लानर सुनील श्रीवास्तव, सहायक भू वैज्ञानिक लेखराज, नगर पालिका के ईओ रोहिताश शर्मा, लोनिवि के सहायक अभियंता पंकज राय आदि थे। ब्यूरो