रामनगर (नैनीताल)। सड़क हादसे में चार दिन पूर्व एक गाइड की मौत होने के मामले में अभी तक अज्ञात कार चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने बुधवार को आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख के नेतृत्व में कोतवाली का घेराव किया।
रविवार को सांवल्दे में नए पुल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बांसीटीला निवासी विपिन कुमार को जोरदार टक्कर मार दी थीं, जिससे उसकी मौत हो गई। कोतवाली में परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चार दिन बीतने के बाद भी आरोपी कार चालक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार नहीं किया तो परिजन व ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी, पूर्व छात्रसंघ सचिव भुवन चंद्र पाठक, मृतक विपिन का भाई पुष्कर राणा, राजेंद्र राणा, महेंद्र राणा, दीपू राणा, मोहन सिंह, अनिल सैनी, हेम पांडे, प्रकाश पडलिया, कमला देवी, शांति देवी, तारा देवी, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि कांती देवी की तहरीर के आधार पर कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।