नैनीताल के रुसी बाईपास में सड़क किनारे पड़ा मलबा साथ में बराबर से वाहन निकलता हुआ।
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। नैनीताल में नव वर्ष के दौरान पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने रूसी बाईपास परें पार्किंग की व्यवस्था तो कर दी है, लेकिन बाईपास रोड में जगह-जगह फैले मलबे और पत्थरों को विभाग हटाना भूल गया। ऐसे में बाईपास रोड पर आवाजाही करने वाले वाहन चालकों और पर्यटकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि नैनीताल में नव वर्ष को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पर्यटन को लेकर व्यवस्थाओं में जुटी हुई है। नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रूसी बाईपास पर भी अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं जिला प्रशासन के निर्देश पर दोनों पार्किंग क्षेत्रों में लाइट, पानी और अलाव की व्यवस्था की जा रही है। मलबे के कारण पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति तब है जबकि 31 दिसंबर और पहली जनवरी को रूसी बाईपास से हजारों वाहन गुजरेंगे।
अक्तूबर की बारिश में आया था मलबा।
नैनीताल। अक्तूबर में हुई बारिश के चलते रूसी बाईपास में जगह जगह मलबा आया था। विभाग ने सिर्फ एक गाड़ी निकलने भर का ही मलबा ही हटवाया। ऐसे में वाहनों की संख्या बढ़ने पर जाम लग सकता है। दूसरी ओर कालाढूंगी मार्ग पर भी बारापत्थर और नारायण नगर के बीच में भी एक माह पहले पहाड़ी दरक कर रोड पर आ गई थी। विभाग ने जल्दबाजी में यातायात सुचारुकरने के लिए एक ओर से एक गाड़ी निकलने लायक मलबा हटा दिया और उसके बाद सड़क के हाल जानने की भी कोशिश नहीं की। जिसके चलते यातायात बढ़ने पर कई बार उक्त स्थान पर जाम लगता है।
- सड़कों से मलबा हटाने के लिए आपदा के तहत बजट की मांग की गई थी। लेकिन प्रशासन की लंबी प्रक्रिया के चलते विभाग को बजट नहीं मिल पाया है। जिसके चलते सड़क से मलबा पूर्ण रूप से नहीं हट पाया है।
जीएस जनौटी, सहायक अभियंता, लोनिवि, नैनीताल