मंडी स्थित इस पानी की टंकी पर लटका मिला शव। अमर उजाला
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। मंडी स्थित पानी की टंकी की रेलिंग से सब्जी विक्रेता का संदिग्ध परिस्थितियों में शव लटका मिला। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो वह रात करीब 3:30 बजे टंकी पर जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बरेली जिले के क्यारा कैंट निवासी अमर सिंह (40) पुत्र श्रीराम सिंह तीनपानी में किराए का कमरा लेकर रहता था। मंडी चौकी प्रभारी मुनौव्वर हुसैन ने बताया कि उन्हें बुधवार को सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव पानी की टंकी से लटका है। इस पर उन्होंने मौका का मुआयना किया। बताया कि करीब दस फीट ऊंचाई पर रेलिंग के सहारे अमर सिंह का शव फंदे से लटका था, जिसका फंदा प्लास्टिक की रस्सी का था। एसटीएच में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी हुसैन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो अमर सिंह रात साढ़े तीन बजे मंडी परिसर स्थित टंकी पर अकेले चढ़ते हुए दिखाई दे रहा था। पुलिस का मानना है कि तनाव के चलते उसने आत्महत्या की है। पुलिस की सूचना पर अमर सिंह के चाचा महेश और छोटा भाई उमेंद्र पाल सिंह मंडी पुलिस चौकी आए। उमेंद्र पाल ने बताया कि दो साल से उसका भाई हल्द्वानी में रह रहा था। पेंट की दुकान से नौकरी छूटने के बाद वह मंडी से सब्जी लेकर ठेले पर बेचता था। वह अपने पास मोबाइल भी नहीं रखता था। उसकी शादी भी नहीं हुई थी। बताया कि उसके गांव के तीन लोग मंडी में काम करते हैं लेकिन किसी ने तनाव के बारे में नहीं बताया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि वह खाना खाने के बाद मंडी परिसर में ही सो जाता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।