हल्द्वानी। रामलीला मैदान में चल रही रामलीला में बृहस्पतिवार को भगवान श्री राम का जन्म हुआ तो चारों ओर खुशियां बिखर गईं। राजा दशरथ तो पुत्र के जन्म की खबर सुनकर आनंदित हो गए। मन में अतिशय प्रेम समा गया। शरीर पुलकित हो गया।
श्री राम जन्म के बाद मंचन किया गया कि प्रात:काल उठने के बाद प्रभु श्रीराम अपने गुरु और माता पिता को प्रणाम करते हैं। व्यास पंडित गोपाल दत्त भट्ट शास्त्री ने कहा कि भगवान राम जैसा मातृ पितृ और गुरु भक्त होना कुलीन परिवार का द्योतक होने के साथ कुल की शोभा भी बढ़ाता है। कार्यक्रम में संचालन समिति के सदस्य बिंदेश गुप्ता, पार्षद राजेंद्र अग्रवाल मुन्ना, भवानी शंकर नीरज, सौरभ अग्रवाल, बसंत अग्रवाल, पार्षद मनोज गुप्ता, अमित जोशी, अनुभव गोयल, सुशील शर्मा आदि मौजूद रहे।