बीते दिवस घर में घुसकर दिनदहाड़े वृद्धा की हत्या के मामले में नामजद दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है, जिसमें से एक को गिरफ्तार कर दूसरे की तलाश की जा रही है।
ग्राम गुमानपुर वसुंधरा कालोनी बसई निवासी मृतका की बहू गीता देवी ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार दोपहर उनके रिश्तेदार विपिन चौधरी उर्फ वीरू निवासी ग्राम पापड़ी, गोपाल उर्फ गौरव निवासी घट्टी मझोड़ ने उनकी सास लक्षमा देवी (62) पत्नी स्व. जसवंत सिंह को घर में अकेला देख मौत के घाट उतारा है।
आरोप लगाया कि यह लोगों आए दिन घर में आते-जाते थे, जो उन्हें डराते धमकाते भी थे। एसआई श्वेता नेगी ने बताया उन्होंने तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ धारा 302, 397 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया है, जबकि गोपाल को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। दूसरे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस, एसओजी की कई टीमें दबिश दे रही हैं।