हल्द्वानी। बरेली रोड पर कार सवार चार युवकों ने एक छात्रा को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के चीखने चिल्लाने और विरोध करने पर आरोपी युवक उसे मेडिकल कॉलेज के पास की गली में फेंककर फरार हो गए। इससे वह जख्मी हो गई। डीआईजी से भी मामले की शिकायत की गई। बावजूद इसके पुलिस दिनभर मामले को टालती रही। शाम को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो आरोपियों के चेहरे सामने आए।
तीनपानी क्षेत्र निवासी बीकॉम की छात्रा बृहस्पतिवार की शाम नैनीताल रोड स्थित जिम गई थी। जिम से वह अपने दोस्तों के साथ बाहर निकली तो रास्ते में दो बाइक पर सवार चार युवकों ने छात्रा पर छींटाकशी की। विरोध करने पर वे नैनीताल रोड पर चले गए और कार लेकर छात्रा का पीछा करने लगे। शाम सात बजे छात्रा को उसके दोस्तों ने मंगलपड़ाव तक छोड़ दिया।
यहां से वह रिक्शे से घर जाना चाहती थी, लेकिन कार सवारों ने जबरदस्ती उसे खींचकर कार में डाल लिया। छात्रा ने छूटने की भरसक कोशिश की, लेकिन चारों युवकों ने उसे दबोच लिया। उसके बाद मनचलों ने कार में ही उससे जोर-जबरदस्ती करनी शुरू कर दी, लेकिन छात्रा ने चीख-पुकार मचा दी। स्थिति गंभीर देख आरोपी युवक छात्रा को मेडिकल कालेज के पास चलती कार से फेंककर भाग गए।
चलती कार से फेंके जाने पर छात्रा चोटिल हो गई। इस बीच एक अनजान व्यक्ति ने छात्रा को मदद करनी चाही लेकिन भयभीत छात्रा मदद लेने के बजाय पैदल ही मुख्य मार्ग तक पहुंची। इस मामले की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल नगर उपाध्यक्ष महक खान ने डीआईजी पीएस सैलाल से शिकायत की। डीआईजी ने उन्हें सीओ राजेंद्र सिंह ह्यांकी से बात करने को कहा। महक खान ने सीओ से मुलाकात की, लेकिन सीओ ने घटना को गंभीरता से नहीं लिया।
दोपहर को महक खान पीड़ित छात्रा और उसके दोस्तों को साथ लेकर खुद ही संबंधित क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए निकल गई। फुुटेज में छात्रा से छेड़खानी करने वालों के चेहरे दिखाई दिए। तब सीओ को इसकी जानकारी दी तो सीओ ने मेडिकल चौकी प्रभारी को घटना की जांच के लिए लगाया। मेडिकल कॉलेज के पास वाली गली से छात्रा का बैग भी बरामद कर लिया गया है।