हल्द्वानी। बृजलाल अस्पताल में भर्ती हत्यारोपी का बयान मुकदमे के लिए काफी अहम है। घटना के तीसरे दिन भी पुलिस हत्यारोपी का बयान नहीं ले सकी। थानाध्यक्ष का कहना है कि बयान के नाम पर आरोपी की हालत खराब हो जा रही है। शक है कि वह बयान से बचने के लिए बेहोशी का नाटक कर रहा है।
बता दें कि अल्मोड़ा जिले के खत्याड़ी का मूल निवासी प्रापर्टी डीलर राजेंद्र सिंह बिष्ट परिवार के साथ भगवती कॉलोनी में किराए पर रहते हैं। प्रापर्टी डीलर का आरोप है कि बुधवार रात घर में वह अपने मित्र ललित सेन और बड़े दामाद हरेंद्र बिष्ट से बातचीत कर रहे थे। इस बीच नशे में धुत दामाद ने पैसे के विवाद को लेकर उसकी तरफ पिस्टल तान दिया।
राजेंद्र सिंह ने तत्काल असलहा हटाने के लिए हाथ बढ़ाया, लेकिन गोली चल गई। गोली उनकी पत्नी पुष्पलता बिष्ट के सीने में लग गई और उनकी पत्नी की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद भागते समय दामाद की कार रानीबाग में एक कैंटर से टकरा गई। पुलिस ने दामाद को बेहोशी की हालत में पकड़कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने दामाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसका बयान लेने का प्रयास किया। दो दिनों के प्रयास के बावजूद पुलिस हत्यारोपी से बयान नहीं ले सकी। थानाध्यक्ष ए के वर्मा का कहना है कि बृहस्पतिवार को आपरेशन के चलते बयान नहीं लिया जा सका। वह पुलिस को देखते ही बेहोश होने के नाटक कर रहा है। इसी कारण पुलिस को बयान लेने में परेशानी हो रही है। इधर बयान के बगैर मुकदमे की विवेचना प्रभावित हो रही है।