थाने में चार के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज
- फोटो : प्रतिकात्मक तस्वीर
आरके टेंट हाउस रोड के पास खेल रही बच्ची को घुमाने के बहाने चालक उसे ऑटो में बैठाकर चंपत हो गया। अपहरण की सूचना मिलने पर पुलिस ने शहर में अलर्ट घोषित कर दिया। पुलिस रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर सीसीटीवी के माध्यम से पुलिस लापता चालक की तलाश कर रही है।
जिला बहराइच (यूपी) के मूल निवासी राधेश्याम की पत्नी शांति दो बच्चों रंजीत (10) और प्रियंका (08) के साथ आरके टेंट हाउस रोड कुसुमखेड़ा स्थित एक मकान में रहकर मजदूरी का काम करती है। मंगलवार शाम उसके दोनों बच्चे घर के पास ही खेल रहे थे।
शाम करीब पांच बजे एक टेंपो चालक आया और रंजीत से बीड़ी मंगाई। कुछ देर बाद बच्चों से घुल-मिलकर चालक ने बच्ची को घुमाने के लिए कहा। बच्ची ऑटो में बैठ गई और वह बच्ची को लेकर चला गया। इधर, प्रियंका के भाई रंजीत ने जब मां को बताया तो परेशान मां ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सीओ लोकजीत सिंह, कोतवाल आरएस मेहता, थानाध्यक्ष केआर पांडे मौके पर पहुंचे। पूछताछ में पता चला कि महिला का पति उसके साथ नहीं है। घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस की एक टीम सीसीटीवी खंगालने लगी।
अन्य टीमों को रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मलिन बस्तियों में खोजबीन के लिए लगाया गया। देर रात तक पुलिस ऑटो चालकों से भी पूछताछ करती रही, लेकिन बच्ची या चालक का पता नहीं चल सका। बच्ची के न मिलने से परिजनों समेत पुलिस अधिकारी भी परेशान हैं। एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने जिले के सभी थानों को बच्ची को ढूंढने के लिए अलर्ट कर दिया है।