नौकरी के नाम पर जालसाजों ने एक छात्र से 85 हजार की धोखाधड़ी की है। छात्र भी आठ लाख के लकी ड्रा पाने के लालच में पैसा जमा करता रहा लेकिन उसे कुछ हासिल नहीं हो सका।
भुक्तभोगी ने घटना से कोतवाली पुलिस को अवगत कराया है। एसओजी की टीम जालसाजी की जांच कर रही है। पुरानी आईटीआई का रहने वाला प्रेमचंद पांडे का पुत्र रोहित पांडे ने पिछले माह समाचार पत्रों में नौकरी का एक विज्ञापन देखा।
विज्ञापन में बताया गया था कि एक निजी मोबाइल कंपनी में जॉब के लिए युवक और युवतियों की जरूरत है। घर बैठे एसएमएस के जरिये युवक काफी पैसा कमा सकते हैं।
युवक ने विज्ञापन में बताए गए नंबर से संपर्क किया। बात करने पर पता चला कि 1500 रुपये जमा करने पर नौकरी के लिए पंजीयन किया जाएगा।
इसके बाद लकी ड्रा भी निकाला जाएगा। झांसे में आकर युवक ने जालसाजों द्वारा बताए गए खाते में 1500 रुपये जमा कर दिए।
दो दिन बाद कॉल आई कि उसका आठ लाख का लकी ड्रा निकल गया है लेकिन गिफ्ट हैंपर पाने के लिए आठ हजार जमा करने होंगे।
इसी प्रकार जालसाजों ने युवक से कुल 85 हजार रुपये जमा करा लिया। फिर भी नौकरी तो मिलना दूर रहा, लकी ड्रा भी नहीं मिल सका।
परेशान होकर युवक ने सोमवार को एसएसआई इंदर सिंह राणा से संपर्क किया। एसएसआई ने इस मामले में प्रार्थनापत्र लेने के बाद जांच के लिए उसे एसओजी के पास भेज दिया है।