भीमताल (नैनीताल)। धारी ब्लॉक के गुनीगांव क्षेत्र में गुरुवार को साढ़े तीन साल के बच्चे के साथ कुकर्म करने के आरोपी को राजस्व पुलिस ने शनिवार को गांव से गिरफ्तार कर लिया। वह गांव से भागने की फिराक में था। राजस्व पुलिस ने आरोपी को हल्द्वानी स्थित पास्को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
होली के दिन गुनीगांव में एक व्यक्ति ने नशे में धुत होकर माता-पिता के साथ खेत में गए बच्चे से कुकर्म किया था। मामला संज्ञान में आने पर परिजनों ने गुनीगांव निवासी राकेश पांडे (32) के खिलाफ राजस्व पुलिस को तहरीर दी थी। तभी से राजस्व पुलिस आरोपी की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही थी।
तहसीलदार नवाजिश खलिक ने बताया कि शनिवार को मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी गांव से भागने की फिराक पर है। इसके लिए वह गांव से सड़क की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही तहसीलदार राजस्व कर्मियों के साथ सड़क पर पहुंचे, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को हल्द्वानी स्थित पास्को कोर्ट में पेश किया गया जहां से न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।