हल्द्वानी। कालाढूंगी रोड पर इंटर के छात्र को एमएससी की छात्रा से छेड़खानी करना महंगा पड़ गया। छात्रा ने पहले तो विरोध किया मगर जब वह नहीं माना तो पुलिस को फोन कर उसे पकड़वा दिया। हालांकि छात्रा की ओर से तहरीर नहीं दी गई इसलिए पुलिस शांति भंग की आशंका में उसका चालान कर दिया।
काठगोदाम क्षेत्र की रहने वाली एमएससी अंतिम वर्ष की छात्रा कालाढूंगी रोड पर पैदल जा रही थी। इस बीच बाइक सवार युवक उसे छेड़ने लगा। छात्रा के विरोध करने पर भी वह पीछा करता रहा। छात्रा ने घबराने के बजाय उसे सबक सीखाने की ठानी और एक दुकानदार से मुखानी के एसओ का फोन नंबर मांग लिया। फोन करते ही पुलिस पहुंच गई और बाइक लहराते जा रहे शोहदे को पकड़ लिया गया। पकड़ा गए शोहदे ने अपना नाम संदीप आर्या निवासी दमुवाढूंगा बताया। उसने बताया कि वह इग्नू से इंटर की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने छात्र के अभिभावकों को भी जानकारी दी है ताकि उसे सुधारा जा सके।