ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राजपुर रोड पर अब वाहन चालक अलग-अलग प्रतिष्ठानों की बेसमेंट पार्किंग फुल होने के बाद ही सड़क किनारे चिह्नित स्थानों पर वाहन खड़ा कर सकेंगे। इस बाबत बुधवार को प्रशासन और पुलिस की व्यापारियों के बीच हुई वार्ता में यह फैसला लिया गया।
वार्ता के पहले सिटी मजिस्ट्रेट मनुज गोयल, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकेश्वर सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात राकेश देवली, निरीक्षक यातायात राजीव रावत और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने धारा चौकी से ओरिएंटल चौक तक पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। जांच के दौरान ज्यादातर प्रतिष्ठानों में बेसमेंट पार्किंग न होने या उसके दूसरे इस्तेमाल में होने, पार्किंग में वाहन खड़ा न होने और सड़क के किनारे बेतरतीब वाहन खड़े होने की जानकारी सामने आई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क किनारे बाईं ओर पार्किंग के बोर्ड लगाए जाएंगे। बेसमेंट की पार्किंग पूरी तरह भर जाने के बाद ही सड़क किनारे चिह्नित स्थानों पर वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इसके अलावा जगह-जगह गार्ड तैनात किए जाएंगे जो वाहनों को बेसमेंट पार्किंग में भेजेंगे।