हल्द्वानी। एमबीपीजी कालेज में बुधवार को नामांकन को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। भीड़ के बीच आठ पुलिसकर्मी जुलूस की वीडियोग्राफी करेंगे। आवश्यकता के अनुसार नैनीताल रोड के रास्तों को बंद किया जाएगा। नैनीताल से आने वाले वाहनों को काठगोदाम गौलापार की तरफ मोड़ा जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय भी कालेज की स्थिति पर नजर रखेंगे।
पुलिस को जानकारी मिली है कि एमबीपीजी कालेज में नामांकन के दौरान बुधवार को छात्र संगठन शक्ति प्रदर्शन करेंगे। इसी कारण भोटिया पड़ाव पुलिस ने विद्यार्थी परिषद और एनएसयूआई के जुलूसों के रास्तों और समय को अलग अलग निर्धारित किया गया है। सीओ दिनेश चंद्र ढौडियाल का कहना है कि अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए आठ कैमरे से जुलूस की वीडियोग्राफी करायी जाएगी। कोतवाल के आर पांडे का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पांच थानाध्यक्ष, 12 उपनिरीक्षक, 50 सिपाही और एक कंपनी पीएसी सुबह से तैनात रहेगी। आवश्यकता के मुताबिक नैनीताल रोड के एक लेन को संचालित कराया जाएगा। नैनीताल से आने वाले वाहनों को काठगोदाम और पनचक्की तिराहे की तरफ मोड़ दिया जाएगा। कालेज के अंदर सिर्फ प्रत्याशी और प्रस्तावों को प्रवेश की इजाजत मिलेगी। किसी को रोड पर हुड़दंग करने की इजाजत नहीं रहेगी। पुलिस कई टुकड़ियों में गश्त करेगी।