हल्द्वानी। देहरादून एसटीएफ साइबर सेल की टीम ने मंगलवार को नोएडा में छापा मारकर जालसाजी के दो आरोपियों को कार के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर हल्द्वानी में दो साल पहले आठ साल की जालसाजी करने का आरोप है। उनके कब्जे से पुलिस ने पांच मोबाइल और आठ सिम बरामद किए हैं।
एसएसआई विजय सिंह मेहता ने बताया कि सुभाषनगर भोटिया पड़ाव निवासी बसंत कुमार भट्ट ने कोतवाली में 2017 में मुकदमा दर्ज कराया था कि बीमा पॉलिसी और लोन दिलाने के नाम पर जालसाजों ने उसके साथ आठ लाख रुपये की ठगी की। जालसाजों ने बताया कि दुर्गा सिटी सेंटर स्थित मैक्स लाइफ इंश्योरेंस में कराए गए ढाई लाख के बीमा की अवधि बीमा पूरी हो गई थी। जॉलसाजों ने अपनी बातों में फंसाकर चंद महीने में अधिक पैसा देने का लालच देकर एफआरडीआई सर्विस, आरएम सर्विस, बाधाराम सर्विस के नाम पर तीन बैंकों में पैसा जमा कराया।
आठ लाख रुपये जमा करने के बाद बसंत कुमार को पता चला कि कंपनी के लोग जालसाजी कर रहे हैं। पैसा लेने के लिए उसे विनोद, सोनम, गोपाल ठाकुर और आरके मित्तल ने कॉल की थी लेकिन बाद में सभी ने मोबाइल बंद कर लिया।
पुलिस ने 21 मार्च 2017 को धोखाधड़ी की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया। मुकदमे की विवेचना पहले विवेचना उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने की। एक अप्रैल 2018 को गाजियाबाद जिले के संजय बस्ती अरथाला निवासी दीन मोहम्मद को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मामला पेचीदा होने के कारण पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था ने विवेचना एसटीएफ को स्थानांतरित कर दी। एसटीएफ साइबर सेल के विवेचक राजीव सेमवाल की टीम ने नोएडा में मंगलवार को छापा मारकर कार सवार दो लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में मेरठ (यूपी) के नईबस्ती तल्लापुर टीपीनगर निवासी श्रीकांत उर्फ दीपक कुमार और राहुल कुमार शामिल हैं। पुलिस ने एसयूवी कार (यूपी 15 बीजेठ 6563) बरामद की। दोनों ने ठगी की बात स्वीकार की है। कोतवाली पुलिस ने दोनों को बुधवार को अदालत में पेश किया। जहां से न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।