हल्द्वानी। ग्राम मीठा आंवला बसानी में कार सवारों ने शनिवार शाम सात बजे रेस्टोरेंट मालिक को लक्ष्य कर फायरिंग की लेकिन वह बालबाल बच गया। सूचना मिलने पर मुखानी पुलिस ने घेराबंदी कर कार सवाल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। घटना का कारण व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता बताई जा रही है।
मीठा आंवला बसानी निवासी कल्याण राम और चौफुला निवासी मुकेश कुमार के रेस्टोरेंट आसपास हैं। व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता को लेकर दोनों के बीच शनिवार सुबह झगड़ा हुआ था लेकिन संभ्रांत लोगों के हस्तक्षेप से दोनों के बीच समझौता हो गया। शाम करीब सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि कार सवारों ने मीठा आंवला स्थित कल्याण राम को मारने के लिए फायरिंग की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर कार सवार तीन लोगों को पकड़ लिया। इनमें शामिल चौफला निवासी मुकेश कुमार खुद को अधिवक्ता बता रहा था। उसके साथ रुद्रपुर निवासी राहुल राठौर और हरीश कुमार आर्या भी थे। पुलिस ने हरीश और राहुल के कब्जे से एक-एक तमंचा बरामद किया। थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि गिरफ्तार राहुल का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया गया है। पता चला है कि इसके पहले भी राहुल कई विवादों में शामिल रहा है। पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य साथियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।
रेस्टोरेंट में फायरिंग, बालबाल बचा मालिक
व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता में तीन गिरफ्तार, दो तमंचे बरामद