हल्द्वानी। पुलिस से नाराज घायल मजदूर ने बहुउद्देशीय भवन के सामने कपड़े उतारकर अपने सिर पर ईंट मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। आरोप लगाया कि दो दिन पहले चार लोगों ने उसे पीटकर घायल कर दिया था। पुलिस आरोपी ठेकेदार को बचा रही है। पुलिस ने उसे उठाकर मुखानी थाने ले गई लेकिन वहां भी वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।
रामपुर जिले के पहाड़ीगेट का मूल निवासी राजेश राठौर जजफार्म में परिवार के साथ रहकर पांच वर्षों से मजदूरी कर रहा है। तीन दिन पहले उसने नौ कमरों के मकान में रेता ऊपर चढ़ाने और अन्य कार्यों का ठेका लिया था। यहां पैसे को लेकर उसकी ठेकेदार से कहासुनी हो गई। मजदूर का आरोप है कि उसने पिस्टल तानी तो जवाब में उसने ईंट मारने के लिए उठा ली। इसी का बदला लेने के लिए ठेकेदार ने अपने तीन सहयोगियों के साथ कालाढूंगी रोड स्थित बाजपुर बस अड्डे पर मारपीट की।
बेहोश होने के बाद उसे हमलावरों ने छोड़ दिया। पुलिस ने उसे बेस अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज कराने के बाद देर रात मजदूर अपने घर चला गया। इस मामले में पुलिस ने ठेकेदार विक्रम का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। पुलिस की कार्रवाई से नाखुश मजदूर शुक्रवार सुबह बहुउद्देशीय भवन के सामने कपड़े उतारकर बैठ गया। धमकी दी कि यदि पुलिस ने ठेकेदार और उसके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो वह आत्महत्या कर लेगा।
आनन-फानन में कोतवाली पुलिस ने उसे उठाकर मुखानी थाने भेज दिया। यहां भी वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। अंत में उसने कहा कि 15 हजार मुआवजा मिलने पर ही वह थाने से हटेगा। थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत का कहना था कि वह मानसिक रुप से कमजोर है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर दी है। थानाध्यक्ष ने घटना से एसपी सिटी और सीओ को अवगत करा दिया है।
ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस से नाराज था