हल्द्वानी। शहर में पर्स पार करने वाला गिरोह बेखौफ घूम रहा है। अब कालू सिद्ध मंदिर के सामने बाजार में रविवार को फौजी की पत्नी का पर्स पार कर दिया गया। पर्स में मोबाइल और 10 हजार रुपये थे। कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो दो किशोरों की तस्वीरें सामने आई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने छह घंटे में किशोरों को पकड़कर पर्स और मोबाइल बरामद कर लिया।
ऊंचापुल निवासी फौजी राजेंद्र सिंह रावत की पत्नी ममता रावत एक महिला के साथ कालू सिद्ध मंदिर के सामने बाजार में सामान खरीदने के लिए गई। उन्होंने एयर बैग अपनी पीठ पर रखा था। रोड पार करते समय उचक्कों ने एयर बैग से पर्स निकाल लिया। ममता मंदिर के सामने पहुंची तो पर्स गायब मिला।
ममता के पति पंजाब में तैनात हैं। पुलिस ने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। फुटेज में दो किशोर महिला के पीछे लगे थे। पुलिस फुटेज के आधार पर पता लगा लिया कि दोनों बच्चे इंदिरानगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने बच्चों को पकड़कर पर्स के साथ पैसे और मोबाइल को बरामद कर लिया। कोतवाल के आर पांडे का कहना है कि सिर्फ 50 रुपये ही बच्चों ने खर्च किया था। इस मामले में उनके माता पिता को घटना से अवगत कराते हुए हिदायत दी गई है। बच्चों ने अन्य घटनाओं से अनभिज्ञता जतायी है।
ऐसे पकड़े गए नाबालिग उचक्के
कोतवाल केआर पांडे ने बताया कि कालू सिद्ध मंदिर से पर्स मारने के बाद दोनों बच्चे हीरानगर, सिंधी चौराहा घूमते हुए अपने घर पहुंच गए थे। इस बीच पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर काफी लोगों से पूछताछ की। बच्चों के फोटो को उसके साथियों ने पहचान किया। इस प्रकार पुलिस को घटना का खुलासा करने में सफलता मिल गई।
मंदिर के इर्द गिर्द हुई हैं कई वारदातें
कालू सिद्ध मंदिर के इर्द गिर्द महिलाओं के बैग से पर्स उड़ाने की घटना पहली नीं है। दस दिन पहले भी उचक्कों ने एक महिला के बैग से पर्स पार कर दिया। उस समय पुलिस ने महिला को समझाबुझाकर घर भेज दिया था। कुछ दिनों तक एसएसपी ने सिविल ड्रेस में फोर्स तैनात की थी, लेकिन कुछ दिनों बाद रैकी बंद कर दी गई।
शहर में एक और महिला का पर्स पार
दो किशोरों ने की वारदात, सीसीटीवी फुटेज से छह घंटे में ही पकड़े गए