बनभूलपुरा में मतदान केन्द्र के बाहर लगी भीड़ को हटाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी। राजकीय इंटर कॉलेज इंदिरानगर में रविवार की दोपहर फर्जी मतदान को लेकर हंगामा हो गया। इस बीच 20 मिनट तक मतदान रुका रहा। पुलिस ने किसी प्रकार लोगों को हटाकर हंगामा शांत किया। वार्ड नंबर 33 में जाकिर अंसारी की पत्नी नूरबानो चुनाव लड़ रही हैं। इंटर कॉलेज के बूथ पर जाकिर के भाई हनीफ अपना मत देने के लिए आए तो पता चला कि उसका मत पहले ही डाला जा चुका है। इसके बाद नूरबानो के अन्य समर्थक का वोट नदारद मिला। दोनों घटनाओं को लेकर प्रत्याशी के समर्थकों ने फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामा किया। इस बीच मतदान 20 मिनट तक बाधित रहा। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मियों ने समझा बुझाकर लोगों को हटाया तो मतदान शुरू हो सका।
पैसे पर चल रहा चुनाव
हल्द्वानी। आजादनगर निवासी अधिवक्ता सईद आदिल सिद्दीकी ने कहा कि नगर निकाय का चुनाव पैसे पर लड़ा जा रहा है। मेयर और पार्षद प्रत्याशियों के पास कोई सामाजिक मुद्दा नहीं है। अधिवक्ता का कहना है कि उन्होंने इंदिरागांधी से लेकर चुनाव देखा है। पहले लोग काम के आधार पर वोट मांगते थे लेकिन अब चुनाव पैसे पर लड़े जा रहे हैं। सामाजिक मुद्दे गौड़ हो गए हैं। शहर की सबसे बड़ी समस्या नशा को दूर भगाने के लिए किसी ने संकल्प नहीं लिया। लोग महंगे प्रचार संकल्प लेकर निकल पड़े हैं। ऐसे हालात में सज्जन आदमी चुनाव नहीं लड़ सकता है।