हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित निर्माणाधीन मकान में चोरी करते हुए मकान मालकिन और पड़ोसियों ने चोर को धर दबोचा। टीपीनगर पुलिस उसे टेंपो में लेकर जा रही थी लेकिन वह रास्ते से कूदकर भाग निकला। 45 मिनट की भागदौड़ के बाद पुलिस ने उसे मानपुर पश्चिम से पकड़ लिया।
सिद्धार्थ सिटी रामपुर रोड निवासी पुष्कर धामी की पत्नी सपना धामी अपने निर्माणधीन मकान में मंगलवार की रात पहुंचीं तो उन्हें किसी व्यक्ति के मौजूद होने की आहट सुनाई दी। मदद की गुहार सुनकर पड़ोसी भगवान सिंह खाती, सुनील पांडे, महेश चंद्र कांडपाल पहुंच गए। उन्होंने एक व्यक्ति को आला नकब, टूटे टाले, मोटर के साथ धर दबोचा। उसने अपना नाम हरपाल मौर्य निवासी मल्ली बमौरी मुखानी बताया।
टीपीनगर पुलिस ने मौके से उसे को हिरासत में ले लिया। पुलिस चोर को टेंपो में बैठाकर चौकी लेकर जा रही थी लेकिन रास्ते में वह टेंपो से कूदकर भाग निकला। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी सुशील कुमार ने पुलिस टीमों को पीछा करने के लिए लगाया। करीब 45 मिनट की भागदौड़ के बाद पुलिस ने चोर को मानपुर पश्चिम से धर दबोचा।
पता चला कि आरोपी चोर ने अपना पता गलत बताया था। वह मूल रूप से बरेली का रहने वाला है कि कुछ समय पहले ही यहां आकर शिवालिक कॉलोनी में रह रहा है। उसके पिता बटाईदार का काम करते हैं। वह दो बार पहले भी जेल जा चुका है। उसके दो अन्य साथी भी जेल में हैं।