हल्द्वानी। नोएडा शेल्टर हाउस साईं गुरु कृपा कुटीर से भागे दो बच्चों को बनभूलपुरा पुलिस ने मंगलवार को बरामद कर लिया। दोनों का कहना था कि वे घूमने के इरादे से भागे थे। पुलिस ने इस मामले में नोएडा पुलिस को जानकारी दे दी है। सूचना पर पहुंचे वार्डन को बच्चे सौंप दिए गए हैं।
थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के अनुसार पुलिस ने लाइन नंबर 17 में घूम रहे दोनों बच्चों से पूछताछ की। एक दिन पहले गाजियाबाद पुलिस की तरफ से जिले में सूचना प्रसारित की गई थी कि नोएडा स्थित गुरु कृपा कुटीर के दो बच्चे लापता हो गए हैं। दोनों बच्चों को सीडब्लूसी के अनुरोध पर रखा गया था। सुरक्षा को धता बताते हुए वे कुटीर से कूदकर भाग निकले थे। दोनों बच्चों में बागेश्वर जिले के गर्साणी गरुड़ निवासी आनंद बल्लभ लोहनी का पुत्र शेखर लोहनी (12) है। दूसरा बच्चा सुनील (8) पुत्र श्रीपाल दिल्ली का रहने वाला है। शेखर ने बताया कि कुटीर में कोई बाहर घूमने नहीं देता था। उसे पिछले साल पकड़कर रखा गया था। इसी तरह सुनील को भी दो साल से रखा गया था। पुलिस का कहना है कि दोनों वहां से भागने के बाद ट्रेन से यहां पहुंचे थे। बच्चों को ढूंढते हुए आए कुटीर के वार्डन महेश कुमार को तस्दीक करने के बाद पुलिस ने दोनों बच्चों को सौंप दिया है।
नोएडा से भागे दो बच्चे बनभूलपुरा से बरामद
घूमने के इरादे से निकले थे