हल्द्वानी। समय पर इलाज न मिलने के कारण भाई की मौत का आरोप लगाते हुए पूरन सिंह ने बृहस्पतिवार को बुद्ध पार्क में धरना दिया। दोषी डॉक्टर एवं अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई करने एवं मुकदमा दर्ज करने की मांग की। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम एबी वाजपेयी को सौंपा।
ग्राम प्रधान ललित मोहन संभल ओखलढूंगा विकास खंड भीमताल के गोपाल सिंह (59) को अपनी कार से लेकर रविवार को बेस अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि डॉक्टर ने इमरजेंसी से बाहर जाने को कह दिया। मरीज को बेड नंबर 14 पर लिटा दिया गया और पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक कोई इलाज नहीं किया गया। गोपाल सिंह की सांस काफी फूल रही थी। सांस लेने में दिक्कत आ रही थी। बेस अस्पताल में उस वक्त बिजली गुल थी और जेनरेटर भी नहीं चल रहा था। प्रधान ने बताया था कि दोपहर 12:18 बजे जब ऑक्सीजन सिलेंडर लगाया गया तो मरीज दम तोड़ चुका था। बृहस्पतिवार को मृतक गोपाल के भाई पूरन सिंह ने बुद्ध पार्क में धरना दिया। मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन में बताया कि दोषी डॉक्टर एवं अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मुकदमा भी दर्ज किया जाना चाहिए। गोपाल के चार बच्चे हैं। उनके पालन, पोषण के लिए मुआवजा मिलना चाहिए। इनमें हेमंत गोनिया, बालम सिंह, ग्राम प्रधान ललित मोहन सिंह संभल, कमलेश भट्ट आदि थे।