हल्द्वानी। अवतार हत्याकांड के मामले में बेस अस्पताल के डॉक्टरों की देखरेख में मां के खून का सैंपल लिया गया। भीमताल पुलिस खून को डीएनए टेस्ट के लिए शनिवार को देहरादून प्रयोगशाला में भेजेगी।
ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित सामिया लेक सिटी निवासी अवतार चौधरी की 16 मई को कार में गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को कार में सलड़ी ले जाकर जला दिया था। पुलिस ने अवतार चौधरी की पत्नी नीलम और उसके दोस्त मनीष मिश्रा को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। विवेचक कोतवाल विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि आरोपी मनीष मिश्रा के घर से अवतार चौधरी की चेन बरामद की, लेकिन अंगूठी जौनपुर जिले के दौलतिया मुगरा बादशाहपुर निवासी दोस्त अजय यादव के पास है। पुलिस हत्यारोपी अजय यादव की तलाश कर रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी यूपी में छिपा है। इधर, भीमताल थाने के उपनिरीक्षक मनवर सिंह अवतार सिंह की मां नक्षत्री को लेकर बेस अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने डीएनए टेस्ट के लिए उनका खून लिया। पिता गुलजार सिंह और मां के साथ अन्य परिजनों ने घटना के बाबत गोपनीय जानकारी देने के लिए कोतवाल से संपर्क किया। एसएसआई विजय सिंह मेहता ने इस मामले में परिजनों का बयान लिया।
अवतार हत्याकांड : डीएनए के लिए मां के खून का सैंपल लिया
परिजनों ने घटना के बाबत पुलिस को गोपनीय जानकारी दी