रामनगर (नैनीताल)। हैरो चोरी के आरोपी ने बदनामी के भय से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसावे के आरोप में ग्राम प्रधान समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पीरूमदारा क्षेत्र के ग्राम नंबरदारपुरी पीपलसाना निवासी हरपाल सिंह, काशीपुर के ग्राम खरमासा निवासी राजेश, प्रताप सिंह ने सोमवार को पुलिस को तहरीर देकर अपने ट्रैक्टर की हैरो चोरी की शिकायत की थी। उन्होंने ग्राम नंबरदारपुरी निवासी सुशील कुुमार (23) पर चोरी का शक जताया था। इसलिए पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए चौकी में बुलाया था। बदनामी होने से सुशील तनाव में आ गया। इसी कारण मंगलवार सुबह वह खेत की ओर गया और जहर खा लिया। अनहोनी की आशंका के चलते मां राजवती बेटे को खोजने गई तो सुशील गांव के ही गंगा सिंह के खेत में अचेत पड़ा मिला। परिजनों ने उसे काशीपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां से रेफर होने पर परिजन उसे काशीपुर के ही निजी अस्पताल में ले गए। जहां रात में उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। छह माह पहले ही उसकी शादी नीतू से हुई थी। सुशील के पिता रतन सिंह ने बुधवार को पुलिस को तहरीर दी। बताया कि गांव के ही हरपाल सिंह, खरमासा काशीपुर के ग्राम प्रधान राजेश, प्रताप सिंह ने उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। पुलिस ने इन तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 306 के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि प्रताप सिंह और हरपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।