रामनगर (नैनीताल)। अधिक ब्याज का लालच देकर चिटफंड कंपनी का एजेंट 25 लाख रुपये की ठगी कर फरार हो गया। आरोपी के डेढ़ माह से गायब होने से भड़के लोगों ने आरोपी के घर समेत थाने का भी घेराव कर तहरीर सौंपी। मोहल्ला खताड़ी निवासी अहमद हुसैन मंसूरी मुरादाबाद की राइटवे म्यूचल बेनीफिट्स इंडिया निधि कंपनी का एजेंट है।
उसने रुपये जमा करने पर एक साल में सात प्रतिशत, डेढ़ साल में 13 प्रतिशत, दो साल में 18 प्रतिशत ब्याज दिलाने की बात कही। लालच में आकर लोगों ने 2012 से अपना पैसा अहमद के पास जमा कराया। चार साल तक उसने ब्याज सहित रुपये लौटाए लेकिन पिछले डेढ़-दो साल से उसने भुगतान नहीं दिया और हर बार वह बहाना बनाता रहा। इसी बीच 11 जुलाई से वह फरार है।
उसकी मां, बहन, बड़ा भाई भी उसकी लोकेशन नहीं बता रहे। इससे भड़के लोगों ने शुक्रवार रात आरोपी के घर का घेराव किया तो सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों से थाने आकर तहरीर देने को कहा। शनिवार सुबह सभी पीड़ित कोतवाली आकर एसएसआई कश्मीर सिंह से मिले और तहरीर दी। एसएसआई ने सभी को जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। इस दौरान महबूब, मोहसिन, फिरोज, रिजवान, रईस अहमद, अमन वर्मा, आकाश वर्मा, जाकिर हुसैन आदि थे।
चिटफंड कंपनी का एजेंट 25 लाख लेकर फरार
सात साल से लोगों से कर रहा था ठगी
पीड़ित लोगों ने आरोपी के घर समेत कोतवाली का घेराव किया