नानकमत्ता। सागौन के लट्ठों की तस्करी करते हुए पुलिस ने दो बाइकों के साथ चार वन तस्करों को धर दबोचा। उनके पास से चार लट्ठे भी बरामद हुए। एक अन्य आरोपी के घर से भी पुलिस को तीन लट्ठे मिले उसे भी पकड़ लिया। पुलिस ने वन तस्करों को लट्ठों के साथ वन विभाग के हवाले कर दिया।
बुधवार की रात एसआई गणेश भट्ट क्षेत्र में गश्त पर थे। ग्राम बरकीडांडी किशनपुर मार्ग पर सामने से दो बाइकों को आता देख पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया। पुलिस कर्मियों ने पीछा कर तस्करों को धर दबोचा।
विडौरी गांव निवासी रिशपाल सिंह और बरकीडांडी के सोनू सिंह बाइक (यूके06एएन-8198) में दो लट्ठे सागौन के लादकर ला रहे थे। दूसरी बिना नंबर की बाइक पर सवार बरकीडांडी गांव के यशपाल सिंह तथा सतनाम सिंह ने दो लट्ठे लाद रखे थे।
पूछताछ के बाद पुलिस ग्राम किशनपुर निवासी अमनिंदर सिंह के घर पहुंची। यहां पास की झाड़ी में छिपे तीन लट्ठे बरामद किए। इसके बाद अमनिंदर को भी हिरासत में ले लिया।
पुलिस की सूचना के बाद रनसाली वन क्षेत्र के रेंजर बीडी जोशी के निर्देशन में वन दरोगा धीरेंद्र पंत व डीके सिंह वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पांचों तस्करों को सामान के साथ उनके सुपुर्द कर दिया।
रेंजर ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन संरक्षण अधिनियम की धारा 26, 41, 42 तथा उत्तराखंड वन अधिनियम 2012 के तहत मामला पंजीकृत किया है।