नैनीताल। वन विभाग की टीम ने पदमपुरी झांझरपुर रोड पर लीसे से भरा एक ट्रक पकड़ा है। ट्रक में लगभग छह कीमत का लीसा है। टीम ने लीसा का कब्जे में ले लिया है। जबकि चालक भागने में सफल रहा।
डीएफओ नैनीताल टीआर बीजू लाल को मुखबिर ने सूचना दी थी कि झांझर के पास एक अवैध लीसा से भरा ट्रक जा रहा है। उन्होंने तुरन्त ही लीसा बरामद करने और आरोपियों को पकड़ने के लिए डिप्टी रेंजर ललित मोहन कार्की के निर्देशन में एक टीम गठित कर दी। कार्की ने बताया कि सूचना के आधार पर उन्होंने अपनी टीम के साथ ट्रक की घेराबंदी की। इस दौरान झांझर पदमपुरी रोड पर लीसे से भरा हुआ ट्रक उन्हें मिल गया। तलाशी के दौरान पता चला कि ट्रक में लगभग 550 टीन लीसा है। जिसकी कीमत लगभग छह लाख रुपये है। आसपास में तस्करों की तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। उन्होंने कहा नैनीताल प्रभागीय कोर्ट लीसा को पेश किया जाएगा। इसके बाद आरटीओ से ट्रक स्वामी का पता लगाकर मालिक को आरोपी बनाया जाएगा।