रामनगर (नैनीताल)। गर्जिया मंदिर क्षेत्र में हुए विवाद को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मारपीट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। रविवार को कोतवाली पहुंचे मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कोतवाल विक्रम राठौर को ज्ञापन सौंपा। बताया कि बजरंग दल, विहिप कार्यकर्ताओं ने 22 मई को गर्जिया मंदिर के पास एक प्रेमी युगल को दबोच लिया। प्रेमी के साथ मारपीट कर प्रेमिका से भी अभद्र व्यवहार, गालीगलौज की गई, जिससे समाज के लोगों को घोर आपत्ति है। उन्होंने कहा कि वह शहर में अमन, चैन चाहते हैं। इसलिए उन्होंने कानूनी कार्रवाई की मांग की। कोतवाल ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इस दौरान अमानुर्रहमान, निजाम चौधरी, वसीम अहमद, शुएब कुरैशी, यूसुफ, शमशाद, इरफान चौधरी, मुस्तकीम, मो. आसिफ आदि थे।
गर्जिया क्षेत्र में पुलिस की निगाहें हर समय रहेंगी
रामनगर (नैनीताल)। गर्जिया मंदिर क्षेत्र में विवादों को देखते हुए पुलिस ने भी अब सख्त कार्रवाई का मन बना लिया है। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए गर्जिया क्षेत्र में एक प्लाटून पीएसी, दो महिला, एक पुरुष दरोगा, दो महिला, दो पुरुष सिपाही के साथ ही चौकी प्रभारी को गश्त के लिए रखा गया है। इसके साथ ही सुबह नौ से शाम चार बजे तक सीपीयू को आमडंडा से लेकर गर्जिया तक चेकिंग अभियान के लिए लगाया गया है। इससे ऐसे असामाजिक तत्वों को आने से रोका जाए।