बिंदुखत्ता (नैनीताल)। बिंदुखत्ता निवासी युवती किरन की मौत के मामले में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रकाश पंत की फटकार के बाद कोतवाली पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमे को संबंधित कोतवाली को स्थानांतरित कर दिया गया है।
घर से लापता 22 वर्षीय किरन का शव शनिवार को बनबसा में शारदा नदी में मिला था। इस मामले में कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं होने पर मंगलवार देर शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल जन्मेजय खंडूरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर डॉ. सदानंद दाते के समक्ष फोन पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने पूरे प्रकरण में दोनों जनपदों की पुलिस पर घोर लापरवाही बरतने पर फटकार लगाई। कहा कि इस मामले में अविलंब मुकदमा पंजीकृत कर युवती की मौत की गुत्थी सुलझाई जाए। इसके बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने मृतका किरन के पिता गोविंद सिंह की तहरीर के आधार पर मामले में अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर मामले को संबंधित थाने को स्थानांतरित कर दिया है। कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि किरन प्रकरण की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं।