कालाढूंगी (नैनीताल)। थाना क्षेत्र के रौखड़िया हनुमान मंदिर के पास कालाढूंगी रेंज की निहाल बीट में मंगलवार को एक नर कंकाल मिला। मृतक की शिनाख्त कोटाबाग के ग्राम बाघनी निवासी राम दत्त सनवाल (60) पुत्र प्रेमदत्त सनवाल के रूप में हुई।
स्थानीय महिलाएं सोमवार शाम जलौनी लकड़ी लेने जंगल गई थीं, जिन्होंने वहां एक नर कंकाल देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस ने रात में कंकाल की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिल सका, जिसके बाद पुलिस ने मंगलवार को दोबारा जंगल में कांबिंग की तो वहां नर कंकाल मिल गया। यह करीब माहभर पुराना बताया गया। इसका मांस जंगली जानवरों ने नोच लिया था। मौके पर जूते, कपड़े का थैला मिला। थाना प्रभारी नरेश चौहान सहित कई पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कंकाल की शिनाख्त के लिए आसपास की पुलिस चौकियों को सूचना दी, जिसके बाद कोटाबाग के ग्राम बाघनी निवासी चंद्रशेखर सनवाल ने मृतक की शिनाख्त की। बताया कि यह कंकाल उसके पिता रामदत्त सनवाल का है। वह खेती, पशुपालन करते थे। माहभर से गायब थे। नैनीताल तहसील की राजस्व पुलिस में उनकी गुमशुदगी दर्ज है, पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी मोर्चरी भिजवाया।