कालाढूंगी (नैनीताल)। दोस्त की बहन की सगाई में आए हरियाणा के युवक की कार कोटाबाग के पांडेगांव के पास खाई में गिर गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
कोटाबाग के पांडेगांव स्थित गजारी ग्रीन्स रिसोर्ट में शनिवार को हरियाणा के राजीवनगर गुरुग्राम निवासी अभिनव शर्मा की बहन सौम्या शर्मा की सगाई हो रही थी, जिसमें गुरुग्राम (हरियाणा) के मोहल्ला हेड़ा निवासी रविंद्र यादव (30) पुत्र गोपाल राम भी आया था। कोटाबाग पुलिस चौकी प्रभारी खीम सिंह अधिकारी ने बताया सगाई के बाद रात में मेहमान अपने घरों को जाने लगे। रविंद्र भी अपने दोस्त अभिनव शर्मा की कार (एचआर26 सीपी 6314) से अपने घर के लिए अकेले ही चल दिया, रिसोर्ट से एक किमी आगे जाने पर कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फुट गहरी खाई में गिर गई, मौके पर ही रविंद्र की मौत हो गई। सुबह राहगीरों ने खाई में कार गिरी देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इस बीच अभिनव शर्मा भी मौके पर पहुंच गया। उसने शव की शिनाख्त रविंद के रूप में की।
दोस्त ने फोन किया, मगर उठा नहीं
रविंद्र यादव के बिना बताए चले जाने से अभिनव शर्मा ने उसके मोबाइल पर कई कॉल कीं, मगर कोई जवाब नहीं मिला। चौकी प्रभारी के अनुसार रविंद्र के फोन पर सुबह तक 12 से अधिक मिस कॉल थीं।
पैरापिट होते तो बच जाती जान
जिस स्थान पर हादसा हुआ है वहां सड़क भी काफी संकरी है। इसके बावजूद लोनिवि ने सड़क किनारे पैरापिट नहीं बनाए। कार सीधे 300 फुट नीचे गिर गई, जिससे कार के परखचे उड़ गए, यदि उक्त स्थान पर पैरापिट बनाए गए होते तो दुर्घटना रुक सकती थी।