सितारगंज। वन विभाग की टीम ने मृत जलीय पक्षी के साथ एक शिकारी को धर लिया। वन रेंजर ने शिकारी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी शिकारी को डीएफओ कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बाराकोली वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार धौलाखंडी ने बताया कि सोमवार को तिलियापुर शक्तिफार्म गांव में वन क्षेत्र के एन-7 क्षेत्र में खैरभट्टी को जाने वाले रास्ते पर वन टीम ने एक युवक को धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रशांत बाईन पुत्र महेन बाइन निवासी गुरुग्राम शक्तिफार्म नंबर दो बताया। उसके पास से एक मृत जलीय पक्षी बरामद हुआ।
इस पर टीम उसे कार्यालय ले आई। वन विभाग ने उसके खिलाफ भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। रेंजर ने बताया कि बरामद मृत जलीय पक्षी अधिनियम में संरक्षित प्रजाति का है। आरोपी प्रशांत को प्रभागीय वनाधिकारी के न्यायालय में पेश किया जाएगा। टीम में वन दरोगा भूपाल सिंह, वन आरक्षी राजन सिंह, सुरेंद्र सिंह, त्रिलोक सिंह के अलावा कांस्टेबल सोहन गिरी, हरीश गिरी, चंदन प्रकाश आदि थे।