हल्द्वानी। निर्माणाधीन मकान से धूल उड़ने को लेकर उपजे विवाद में दो मारपीट हो गई। हादसे में दंपति घायल हो गई। घायलों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महेश चंद्र पांडे निवासी जागनाथ कालोनी ने अपने मकान से सटी जमीन उर्वादत्त जोशी को बेची है। हाल ही में जोशी ने जमीन पर मकान बनाने का काम शुरू किया है। बृहस्पतिवार को मकान का काम चल रहा था कि सीमेंट, मिट्टी की धूल उड़कर पांडे के घर में जा रही थी। इस पर पांडे की पत्नी तुलसी पांडे ने मकान बना रहे मिस्री से ऐसे काम करने को कहा कि धूल नहीं उड़े। आरोप है कि मिस्री और तुलसी की दोनों में जमकर बहस हो गई। मिस्री ने उर्वादत्त जोशी को घटना की जानकारी दी। उर्वादत्त जोशी मौके पर पहुंचा और महेश पांडे से भिड़ गया। दोनों में गाली गलौज और मारपीट होने लगी। इससे गुस्साए जोशी ने फोन कर साथियों को बुला लिया। जोशी ने साथियों के साथ मिलकर पांडे के घर में घुस कर मारपीट की। बीच बचाव को आई पत्नी तुलसी और बच्चों को भी नहीं बख्शा। दंपति ने घटना की तहरीर काठगोदाम थाने में सौंपी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।