हल्द्वानी। काठगोदाम पुलिस की पहल पर अदालत ने चंदन हत्याकांड के मामले में चार लोगों के मोबाइल को लैब भेजने की इजाजत दे दी है। पुलिस सभी मोबाइल को चंडीगढ़ लैब जांच के लिए भेजेगी।
काठगोदाम पुलिस ने सोमवार को चार संदिग्ध लोगों का मोबाइल सेट जांच कराने के लिए लैब भेजने का अदालत से अनुरोध किया। थानाध्यक्ष कमाल हसन ने बताया कि अदालत ने चारों मोबाइल लैब भेजने की इजाजत दे दी है। पुलिस ये मोबाइल चंडीगढ़ लैब जांच के लिए भेजेगी। बता दें कि गौलापार पश्चिमी खेड़ा निवासी किसान चंदन सिंह बजवाल (67) की 24 फरवरी की रात हत्या की गई थी। शव ट्यूबवेल परिसर में मिला था। पोस्टमार्टम से पता चला कि कातिलों ने किसान की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मौके से बरामद खाना, कपड़े, खून आदि साक्ष्यों को जांच के लिए देहरादून और रुद्रपुर स्थित दो प्रयोगशालाओं को भेज दिया था। घटना के बाबत संदेह से दायरे में आए किसान के आठ करीबियों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के लिए अदालत ने आदेश दिया था। जिला पुलिस द्वारा पत्र भेजे जाने के बाद अभी तक टेस्ट के लिए सीबीआई ने समय निर्धारित नहीं किया है।
चारों मोबाइल को लैब भेजने की कोर्ट से इजाजत मिली
चंदन हत्याकांड का मामला