मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र के लालाटीकर गांव में सोमवार सुबह ग्रामीणों ने बिजली टीम को बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और टीम को बंधक मुक्त कराया गया। नई लाइन बिछाने के आश्वासन पर ही ग्रामीण शांत हो पाए। हालांकि बिजली कर्मचारियों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
यह मामला लालाटीकर गांव का है। इस गांव को जा रही हाईटेंशन लाइन जर्जर है। आये दिन तार टूटकर गिर जाते हैं। लाइन बदलने की लंबे समय से मांग की जा रहे हैं। सोमवार को एक ग्रामीण अपने खेत पर जा रहा था। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर गई। जिसकी चपेट में आने से ग्रामीण बाल बाल बच गया। आस पड़ोस के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण आ गए और उन्होंने उसे बचाया। इसके बाद मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी बिजली विभाग को दी। तब लाइन ठीक करने के लिए तीन लाइन मैन मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तीनों कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इसके बाद बिजली विभाग व पुलिस को सूचना दी कि जब तक वह कर्मचारियों को मुक्त नहीं करेंगे, तब उनकी लाइन ठीक नहीं हो जाएगी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। तब ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। बिजली अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया गया कि जल्द ही जर्जर लाइन को बदलकर नई लाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद ग्रामीण शांत हो गए। इसके बाद बंधक बनाए गए कर्मचारियों को छोड़ दिया गया। मूंढापांडे इंस्पेक्टर अजय कुमार गौतम ने बताया कि कर्मचारियों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। अगर तहरीर आएगी तो कार्रवाई की जाएगी।