हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी डॉक्टर को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया। आरोप था कि उसने दिल्ली में साथ पढ़ने वाली हल्द्वानी की महिला जूनियर रेजीडेंट के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस आरोपी को चार दिन की ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड से लेकर आई है। शनिवार को उसे अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
शहर की महिला जूनियर रेजीडेंट ने नौ अक्तूूबर 18 को कोतवाली में एक अन्य रेजीडेंट डॉक्टर के खिलाफ छेड़खानी और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। युवती का आरोप था कि मेडिकल परीक्षा की तैयारी के लिए वह दिल्ली गई थी। इस बीच साथ पढ़ने वाले झारखंड प्रांत के देवधर जिले के बाघंबरी झांसीडीह निवासी मनोज कुमार ने उसे मारपीट कर दुष्कर्म किया। इस मुकदमे की विवेचना उपनिरीक्षक प्रीती सिंह को सौंपी गई। पुलिस ने जूनियर रेजीडेंट का अदालत में कलमबंद बयान दर्ज कराया। बयान के आधार पर पुलिस ने धारा 376 बढ़ाई। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने धारा 376, 323, 504, 506 के तहत पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को पता चला कि आरोपी डॉक्टर मनोज बंगलूरू स्थित मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस इंटर्नशिप कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम को बंगलूरू भेजा गया। वहां पहुंचने पर पता चला कि आरोपी इंटर्नशिप पूरी करने के बाद अपने घर झारखंड चला गया है। पुलिस टीम वहां से झारखंड गई और आरोपी को घर से गिरफ्तार कर लिया। अदालत के समक्ष पेश करने के बाद उसको पुलिस ने चार दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। शुक्रवार को पुलिस टीम आरोपी डॉक्टर को लेकर हल्द्वानी आई। एसएसआई विजय सिंह मेहता का कहना है कि दुष्कर्म के आरोपी डॉक्टर को शनिवार को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
दुष्कर्म का आरोपी डॉक्टर झारखंड से गिरफ्तार
चार दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया, शनिवार को पेश किया जाएगा