हल्द्वानी। मुखानी पुलिस नीरू हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। संभावना है कि सोमवार को रिपोर्ट पुलिस को मिल जाएगी। इधर घटना के पांच दिनों बाद भी नीर नाथ के परिजनों ने घटना के बाबत रिपोर्ट दर्ज नहीं कराया है।
आरटीओ रोड रेशमबाग निवासी नीर नाथ साह (74) अपनी बड़ी बहन 85 वर्षीय माहेश्वरी साह के साथ रहते थे। 15 मई की शाम नीर नाथ उर्फ नीरू साह का शव घर में दीवान बेड के अंदर पड़ा मिला था। गले में साड़ी का फंदा लगा हुआ था। मूल रूप से नैनीताल की रहने वाली माहेश्वरी साह (85) पुत्री स्व. उदय नाथ साह सेवानिवृत्त नर्सिंग शिक्षिका हैं। उनकी दो बहनें और दो भाई हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पता चला है कि बुजुर्ग की गला घोंटकर हत्या की गई थी। संघर्ष के दौरान उनके नाखूनों पर चोट लगी थी। इस बारे में पूछने पर मुखानी थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि अभी तक परिवार का कोई व्यक्ति रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस के पास नहीं आया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। संभावना है कि सोमवार तक पुुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल जाएगी। इधर पुलिस ने घटना की जांच करने के लिए काफी संख्या में काल डिटेल इकट्ठा किया है।