नैनीताल। कुमाऊं की वादियों में अज्ञात शव मिलने की संख्या में साल 2006 के बाद तेजी से वृद्धि हुई है। 2006 में जहां अज्ञात शवों की संख्या सिर्फ 23 थी वहीं साल 2017 में यह आंकड़ा 141 को छू गया। ज्यादातर प्रकरण हत्या के बताए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक न शव की शिनाख्त हो पाई और न ही हत्यारों का कोई सुराग लगा। आईजी पूरन सिंह रावत ने मंडल के हर थाने को निर्देश दिए हैं कि जिन प्रकरणों में केस दर्ज हैं उनमें शवों की शिनाख्त करें और जिनमें केस दर्ज नहीं हैं उनमें केस दर्ज करके शव की पहचान करवाएं। उन्होंने कहा कि आगे से अज्ञात शव मिलने पर पूरे मनोयोग से शवों की शिनाख्त करवाएं। आईजी ने इस बात पर हैरानी जताई है कि नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के हर थाने में अज्ञात शव रहस्य बने हुए हैं।
मंडल पुलिस के लिए अज्ञात शवों की शिनाख्त किसी चुनौती से कम नहीं है। चौंकाने वाली बात यह है कि कुमाऊं में अज्ञात शव मिलने का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। साल 2006 में जहां मंडल में अज्ञात शवों की संख्या सिर्फ 23 थी, वहीं साल 2017 में यह आंकड़ा 141 पर पहुंच चुका है। नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के लगभग हर थाने में एक शव अज्ञात है। 12 मई को कालाढूंगी रोड पर अज्ञात शव मिलने के बाद आईजी पूरन सिंह रावत ने पुलिस कर्मियों केे अज्ञात शवों की शिनाख्त के सख्त निर्देश दिए थे।
साल 2006 के बाद अज्ञात शवों की संख्या में तेजी से हुई वृद्धि
नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिले के हर थाने में रहस्य बने अज्ञात शव
मंडल में कब कितने मिले शव
2006 23
2007 37
2008 68
2009 69
2010 112
2011 125
2012 107
2013 133
2014 122
2015 125
2016 121
2017 141
रेंज में मिले अज्ञात शवों की शिनाख्त करवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। साल 2017 तक रेंज के सभी जिलों में 141 अज्ञात शव मिल चुके हैं। सभी की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
-पूरन सिंह रावत, आईजी कुमाऊं।