नैनीताल। साइबर ठगों ने रिटायर कर्मचारी के खाते से 2 लाख 80 हजार रुपये उड़ाए लिए। जानकारी होने पर बुजुर्ग ने मल्लीताल कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
चीना हाउस मल्लीताल निवासी कुंवर सिंह बिष्ट के मोबाइल पर पांच मई को मैसेज आया कि उनके खाते से 2 लाख 80 हजार रुपये निकाले गए हैं। उन्होंने अपने दोस्तों एवं रिश्तेदारों को सूचना दी। इसके बाद भी न पैसों का कुछ पता चला, न कोई अन्य जानकारी ही मिल सकी। इसके बाद उन्होंने सोमवार को एसबीआई के बैंक प्रतिनिधियों को इसकी सूचना दी। बैंक की ओर से प्रकरण में पुलिस कार्रवाई करने की सलाह दी गई। इसके बाद मंगलवार को उन्होंने मल्लीताल कोतवाली में तहरीर दी। सर्विलांस से पता चला है कि रकम हरिद्वार क्षेत्र से निकाली गई है। मल्लीताल कोतवाली के एसआई दीपक बिष्ट केस की जांच कर रहे हैं। मंगलवार को बुजुर्ग दिनभर कोतवाली के चक्कर काटते रहे। कुंवर बिष्ट राजकीय पॉलीटेक्निक नैनीताल से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं।
साइबर ठगों ने रिटायर कर्मचारी के खाते से 2.80 लाख उड़ाए
एसबीआई खाते में जमा रुपये हरिद्वार से निकाले गए