हल्द्वानी। टांडा जंगल के मोतिया लाइन में बृहस्पतिवार की दोपहर अचानक मधुमक्खियों ने राह चलते लोगों पर हमला कर दिया। हमले में बाइक सवार दो लोग गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने दो लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया।
अलखनंदा कालोनी निवासी नरेंद्र सिंह (60) और लमगड़ा निवासी अमित बिष्ट (20) बृहस्पतिवार को दोपहर टांडा जंगल की तरफ से लौट रहे थे। मोतिया लाइन में मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। कार और बस सवार लोग आराम से निकल गए लेकिन हमले के दौरान एक बाइक सवार गिरकर घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर नरेंद्र सिंह और अमित बिष्ट को अस्पताल भेज दिया। चौकी प्रभारी विजय सिंह मेहता का कहना है कि नरेंद्र सिंह सिटी अस्पताल और अंकित को एसटीएच में भर्ती है। दोनों की हालत ठीक है। पुलिस का कहना है कि किसी ने मधुमक्खियों के छत्ते पर पत्थर मार दिया था। इसी कारण दो छत्तों की मधुमक्खियां सड़क पर भनभनाने लगी। हमले के चलते कुछ देर के लिए सड़क पर अफरातफरी मच गई थी।