हल्द्वानी। स्वास्थ्य विभाग कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर अभियान चला रहा है, कई परिवार ऐसे हैं, जिनकी तीन पीढ़ियों के सभी सदस्यों ने कोविड टीका लगवाया है। यह परिवार अन्य लोगों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
तीन पीढ़ियों ने लगवाया कोविड टीका
- आरके टेंट हाउस रोड निवासी पंकज मिश्रा से बताते हैं कि उनके परिवार में सभी को कोविड टीका लगवा चुके हैं। सबसे बुजुर्ग 86 वर्षीय दादा रामदत्त मिश्रा कोविड की दोनों डोज के साथ ही प्रिकाशनरी डोज भी लगवा चुके है। पंकज के पिता नंदाबल्लभ मिश्रा, मां उमा मिश्रा और पत्नी भावना भी कोविड टीका लगवा चुके हैं। अब परिवार के लोग अन्य लोगों को भी कोविड टीका लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
- सिंथिया स्कूल के प्रधानाचार्य प्रवींद्र रौतेला कहते हैं कि उनके परिवार में पत्नी रश्मि रौतेला और बेटा कात्यान रौतेला ने भी कोविड वैक्सीन लगवाई हैं। बताया कि अब परिवार के सदस्य स्कूल में भी छात्र-छात्राओं को टीका लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही स्कूल में जल्द ही कोविड वैक्सीनेशन का शिविर भी लगाया जाएगा।
- देवलचौड़ निवासी एवं ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता डीएस बिष्ट कहते हैं कि परिवार में चार सदस्य हैं। उन्हें और उनकी पत्नी को कोविड टीका लग चुका है, जबकि 12 से 14 आयु वर्ग में उनका बड़ा बेटा भी आ गया है, उसे भी एक-दो दिन में कोविड टीका लगवाएंगे।
पहले समझाया, फिर बच्चों ने कोविड टीका लगवाया
हल्द्वानी। अटल उत्कर्ष विद्यालय फूलचौड़ ने कोरोना के प्रति जागरूकता को लेकर अभियान चलाया था। इसके अलावा वैक्सीनेशन के लिए भी खास प्रयास किए हैं। प्रधानाचार्य आशीष शर्मा कहते हैं कि कॉलेज में 175 विद्यार्थी 15 से 17 साल आयु वर्ग के हैं, जो पहली डोज लगवा चुके हैं। सौ से अधिक छात्र-छात्राएं दूसरी डोज भी लगवा चुके हैं। कॉलेज में 12 से 14 साल आयु वर्ग के बच्चों के लिए कोविड टीकाकरण अभियान 23 मार्च से चलाया गया था। कॉलेज में जिन बच्चों को कोविड टीका नहीं लगा है, उन्हें जल्द टीका लगवाया जाएगा।
बच्चों को कोविड टीका लग सके, इसके लिए काफी प्रयास किया गया। क्लास रूम में अध्यापकों ने बच्चों को टीके का महत्व समझाया है। इसका असर यह हुआ कि छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ कोविड टीका लगवाया है। कई बच्चों को टीके का सुरक्षा कवच मिल गया है। - राजेश पांडे, शिक्षक, अटल उत्कर्ष राजकीय इंटर कॉलेज, फूलचौड़।