लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) जेल रोड चौराहे का सौंदर्यीकरण कर रहा है। इस दौरान लोनिवि ने 10 दिन पूर्व ?
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) जेल रोड चौराहे का सौंदर्यीकरण कर रहा है। इस दौरान लोनिवि ने 10 दिन पूर्व जेल रोड चौराहे पर गड्ढा कर दिया था। पार्षद रवि जोशी ने गड्ढा भरने के लिए मौके पर धरना शुरू कर दिया। उधर पार्षद को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेसी नेता सुमित हृदयेश भी गड्ढे में बैठ गए। लोनिवि के आश्वासन पर दोनों नेताओं ने धरना समाप्त किया। उधर गड्ढा भरने की कार्रवाई शुरू हो गई है।
जेल रोड चौराहे के पास सेमल का पेड़ है। लोनिवि ने सेमल के पेड़ को हटाने के लिए सड़क किनारे गड्ढा खोद दिया था। वन विभाग से पेड़ काटने की अनुमति नहीं मिलने के कारण गड्ढा खुला ही रह गया।
आरोप है कि इस गड्ढे में गिरने के कारण लोग चोटिल हो रहे हैं और यातायात भी बाधित हो रहा है। विरोध में पार्षद रवि जोशी करीब तीन बजे दरी बिछाकर गड्ढे में बैठ गए। उन्होंने गड्ढा भरने की मांग की। एक घंटे बाद उनके समर्थन में पहुंचे कांग्रेसी नेता सुमित हृदयेश ने भी मौके पर धरना शुरू कर दिया।
धरने की शिकायत पर पहुंचे लोनिवि के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी ने पेड़ काटने की परमिशन मिलने तक गड्ढे भरने का आश्वासन दिया, लेकिन दोनों नेता तुरंत गड्ढा भरने की मांग पड़ अड़ गए। लोनिवि के अधिकारियों ने जब जेसीबी मंगाई, तब दोनों ने धरना समाप्त कर दिया। उधर लोनिवि ने गड्ढे भरने का काम शुरू कर दिया है।