कार्बेट नेशनल पार्क में बाघ, चिड़ियों की आवाज रिकार्ड कर उन्हें चिढ़ाना एक विदेशी पर्यटक को भारी पड़ गया। विभाग ने पर्यटक पर नगद 10 हजार रुपये का जुर्माना ठोका। जबकि उसके साथ गए गाइड, जिप्सी चालक को चेतावनी देकर छोड़ा। कहा, भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति हुई तो पार्क प्रवेश निषेध कर दिया जाएगा।
पार्क के मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह रजवार ने बताया विभाग को मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ पर्यटक कार्बेट पार्क में चिड़िया, बाघों को आकर्षित करने के लिए रिकार्ड की हुई आवाज का प्रयोग कर रहे हैं।
साथ ही कुछ पर्यटक हाथियों के झुंड के पास जाकर उन्हें चिढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं, जो नैतिकता के खिलाफ है। उन्होंने बताया सूचना पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने कार्बेट पार्क के ढिकाला जोन में एक पर्यटक वाहन से ब्लूटूथ से बर्ड साउंड पैदा करने वाला छोटा स्पीकर बरामद किया।
विदेशी पर्यटक हैरी टोकिट निवासी थाईलैंड पर 10 हजार रुपये का जुर्माना ठोका। साथ ही मोबाइल फोन जब्त कर लिया। रजवार ने बताया पर्यटक के साथ गए वाहन चालक, गाइड को भी मामले में लिप्त पाते हुए भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं पर ध्यान देने को कहा गया है।