अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत
रामनगर में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत होने पर परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। परिजनों ने महिला का अंतिम संस्कार कर दिया।
मोहल्ला इंद्रा काॅलोनी मदरसा गुलशन रजा निवासी इकबाल अंसारी की पत्नी फरजाना (48) का मंगलवार सुबह रामनगर अस्पताल में प्रसव कराया गया। प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की मौत होने पर परिजनों में कोहराम मच गया और शव को परिजन बिना किसी कार्रवाई के घर ले गए। परिजनों ने महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। निवर्तमान सभासद मोहम्मद मुजाहिद ने आरोप लगाया कि अस्पताल में डॉक्टरों की लापरवाही के चलते महिला की मौत हुई। महिला के चार बच्चे पहले ही है और यह पांचवां बच्चा था जिसके प्रसव के लिए महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
दूसरी ओर, अस्पताल के प्रशासक डा. प्रतीक सिंह ने बताया कि महिला को डॉक्टरों ने तीन दिन पहले ही बता दिया था, पेट में बच्चे की स्थिति ठीक नहीं है। हायर सेंटर दिखाने को कहा गया था। मंगलवार की सुबह पहले परिजनों ने घर पर ही प्रसव कराने का प्रयास किया था जब हालत बिगड़ी तो अस्पताल लेकर परिजन आए थे। महिला की हालत बेहद खराब थी।