रामनगर (नैनीताल)। इस दीपावली पर यात्रियों से रामनगर डिपो की बंपर कमाई हुई और डिपो ने टारगेट से ज्यादा आय की है। डिपो ने आठ दिन के भीतर साढ़े 56 लाख रुपये यात्री किराये से कमाए। अभी भी डिपो की बसें यात्रियों से पैक होकर जा रही हैं। इससे आय और बढ़ने की उम्मीद है।
रामनगर डिपो को दिवाली पर्व पर प्रतिदिन छह लाख रुपये आय का टारगेट दिया गया था। दो से चार नवंबर तक डिपो को 21 लाख रुपये की कमाई का टारगेट मिला था। डिपो प्रशासन ने तीन दिन में साढ़े 22 लाख रुपये कमाए। पहाड़ से दिल्ली जाने वाले यात्रियों से सोमवार को डिपो प्रशासन ने 11 लाख रुपये की रिकॉर्ड तोड़ कमाई की। डिपो ने आठ दिन के भीतर 56 लाख 62 हजार 606 रुपये की कमाई कर डाली। डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी नवीन आर्य ने बताया कि दिवाली के मौके पर डिपो ने अच्छी कमाई की है। उम्मीद है आने वाले समय और अच्छी कमाई होगी।