नैनीताल। बीडी पांडे अस्पताल में हड्डी के बड़े ऑपरेशनों के लिए सीआर्म मशीन स्थापित की जाएगी। सी आर्म मशीन के लिए बजट भी जारी हो चुका है। इससे हड्डी के मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। साथ ही लोगों को इलाज के लिए हायर सेंटर नहीं जाना पड़ेगा।
बता दें कि नगर और आसपास के क्षेत्र के 200 से ज्यादा मरीज प्रतिदिन बीडी पांडे अस्पताल पहुंचते हैं। इनमें करीब 40 मरीज हड्डी रोग के होते हैं। अस्पताल में एक्सरे कर हड्डी से जुड़ी छोटी समस्याओं के ऑपरेशन तो कर दिए जाते है, लेकिन आधुनिक मशीन के अभाव में गंभीर मरीजों को हायर सेंटर रेफर करना पड़ता है।
बीडी पांडे अस्पताल के पीएमएस डॉ. केएस धामी ने बताया कि शासन से सी-आर्म मशीन के लिए 16 लाख का बजट जारी हो चुका है। करीब 16 लाख की लागत की सी-आर्म मशीन खरीदकर अस्पताल में लगाई जाएगी। इसके बाद कई हड्डी के बड़े ऑपरेशन भी बीडी पांडे अस्पताल में हो सकेंगे।
साथ ही दवा और रॉड भी अस्पताल में उपलब्ध कराई जाएगी। हड्डी रोग विशेषज्ञ अर्जुन रावल के अनुसार सी आर्म मशीन से ऑपरेशन के दौरान हड्डी या अंदर की जगह को स्क्रीन पर देख पाते हैं। इस मशीन से बड़े ऑपरेशन में काफी मदद मिलती है।