नैनीताल। तल्लीताल क्षेत्र से बीते दिनों लापता हुई किशोरी को पुलिस ने गुरुग्राम में एक युवक के साथ बरामद किया है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तल्लीताल निवासी एक व्यक्ति ने 17 फरवरी को थाने में तहरीर देकर अपनी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तहरीर के अनुसार रिपोर्टकर्ता की नाबालिग बेटी सुबह ट्यूशन पढ़ने के गई थी। लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। कई जगह पूछताछ करने पर किशोरी का पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने किशोरी की गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। रविवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर एसआई बबीता अन्य पुलिस कर्मियों के साथ गुरुग्राम पहुंची। मोबाइल लोकेशन को ट्रेस कर सोमवार सुबह तीन बजे पुलिस ने किशोरी को एक युवक के साथ गुरुग्राम बस स्टैंड से बरामद कर लिया और दोनों को नैनीताल ले आई। प्रभारी एसओ त्रिवेणी जोशी ने बताया कि किशोरी के परिजनों के आरोप और किशोरी के बयानों के आधार पर देघाट निवासी अशोक कुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 366, 376 (3) और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।