हल्द्वानी। हल्द्वानी के तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज को शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। तीनों को इमरजेंसी के पास से बनाए गए विशेष रास्ते से आइसोलेशन में ले जाया गया। देर शाम दस और मरीजों के पहुंचने पर आइसोलेशन में रखा जाएगा।
बता दें कि जमात से लौट रहे तीन लोगों को रुद्रपुर में जीआरपी ने रेलवे ट्रैक से पकड़ा था। तीनों के सैंपल हल्द्वानी के राजकीय मेडिकल कॉलेज के वायरोलाजी लैब में भेजे गए थे। तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया था। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कोरोना पॉजिटिव तीनों मरीजों को एसटीएच लाया गया। देर शाम पंतनगर में क्वारंटीन किए गए दस लोगों को भी एसटीएच भेज दिया गया।
एसटीएच प्रशासन दस लोगों की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा था। दस लोगों की रिपोर्ट अगर निगेटिव हुई तो उन्हें दूसरे आइसोलेशन में रखा जाएगा। अगर पॉजिटिव हुई तो पॉजिटिव मरीज के लिए बनाए गए आइसोलेशन में रखा जाएगा। आइसोलेशन के बाहर पुलिस तैनात की गई है। बताया कि एक डॉक्टर, सिस्टर, वार्ड ब्वाय और एक पर्यावरण मित्र की रोस्टर के हिसाब से ड्यूटी लगाई गई है।
प्राचार्य ने एसएसपी से की बात, अतिरिक्त फोर्स मांगी
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा ने कोरोना पॉजिटिव तीन केस एसटीएच में आने की सूचना एसएसपी सुनील कुमार मीणा को फोन पर दी। डॉ. भैसोड़ा ने एसएसपी से अतिरिक्त फोर्स की मांग की है। बताया कि एसएसपी ने सकारात्मक जवाब दिया है।